सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य के समग्र विकास, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंत्रिमंडल ने हमीरपुर स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर की स्थापना को मंजूरी देते हुए नए विभागों और आवश्यक पदों के सृजन का निर्णय लिया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के समयबद्ध वितरण को सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक सुरक्षा नियमों में संशोधन को स्वीकृति दी गई। ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय भू-तापीय ऊर्जा नीति को अपनाने और इसके क्रियान्वयन के लिए ऊर्जा निदेशालय को नोडल एजेंसी घोषित किया गया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/one-day-camp-on-child-marriage-and-health-atchool-bran/
अनाथों और विधवाओं के कल्याण के लिए पेट्रोल और डीजल के प्वाइंट ऑफ फर्स्ट सेल पर विशेष सेस लगाने हेतु अध्यादेश लाने का भी फैसला किया गया। इसके अलावा जल विद्युत परियोजनाओं के आवंटन, धर्मशाला के समीप एशिया की सबसे लंबी नड्डी जिपलाइन परियोजना, औद्योगिक निवेश नीति के विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, विभिन्न विभागों में पद भरने, नीतिगत संशोधनों और पर्यटन व हवाई संपर्क को बढ़ावा देने जैसे कई फैसलों को भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी प्रदान की, जिससे प्रदेश में विकास, रोजगार और जनकल्याण को नई गति मिलने की उम्मीद है।





















