सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वाल्मीकि समुदाय के सफाई कर्मियों और वंचित वर्गों के लिए महर्षि वाल्मीकि कामगार आवास योजना–2024 के तहत स्थायी आवास सुविधा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि यह योजना उन परिवारों के लिए है जिनके पास स्वयं का पक्का घर नहीं है और जिनकी वार्षिक आय दो लाख पचास हजार रुपये से कम है। इसके साथ ही, लाभ पाने वाले परिवारों ने पूर्व में किसी अन्य सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/ilaspur-admin-gear-up-to-make-fair-a-hit-logo-contest-also-se/
उपायुक्त ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए हाल ही में इसमें संशोधन किए गए हैं। अब पात्र और अपात्र आवेदकों को निर्णय और उसके कारण समय पर सूचित किया जाएगा, ताकि प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। योजना के लिए आवेदन संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी या जिला कल्याण कार्यालय के माध्यम से किए जा सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों में स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, भूमि से संबंधित दस्तावेज, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। राहुल कुमार ने जिले के सभी पात्र सफाई कर्मियों से आग्रह किया है कि वे समय रहते आवेदन करें, ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक आवास सुविधा प्राप्त हो सके और उनका जीवन स्तर बेहतर हो। इस योजना से वाल्मीकि समुदाय के सफाई कर्मियों को स्थायी आश्रय के साथ-साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा।





















