सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य की स्थिति आज कांग्रेस शासनकाल से भी अधिक खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के दौरान पंजाब कानून-व्यवस्था, विकास और जनहित के मोर्चे पर लगातार पिछड़ता जा रहा है। नायब सैनी यह टिप्पणी चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कर रहे थे, जहां कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़, कोटकपूरा से पूर्व विधायक रिपुजीत सिंह बराड़, शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) के महामंत्री चरणजीत सिंह बराड़, मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व ओएसडी ओंकार सिंह सहित अनेक नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। इसके अलावा किसान नेता प्रीतपाल सिंह, लोकसभा फ़रीदकोट से चुनाव लड़ चुके कुलवंत सिंह और शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के उप प्रधान सरदार जसकरण सिंह भी भाजपा में शामिल हुए। सभी नेताओं का स्वागत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में आम जनता के बीच असुरक्षा की भावना तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराध, नशा और अव्यवस्था ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले जिस भय के माहौल की चर्चा होती थी, आज हालात उससे अलग नहीं हैं। सैनी ने भरोसा जताया कि इस स्थिति से पंजाब को केवल भारतीय जनता पार्टी ही बाहर निकाल सकती है। हरियाणा सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में डबल इंजन सरकार के तहत तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर निवेश किया गया है और किडनी रोगियों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में सभी फसलों और सब्जियों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है तथा पराली न जलाने पर किसानों को प्रति एकड़ 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/khu-govts-new-initiative-to-transform-lives-of-livestock-farmers/
इस मौके पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि राज्य का हर वर्ग आज अपने भविष्य और सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग एक मजबूत, ईमानदार और स्पष्ट नेतृत्व की तलाश में हैं और भाजपा ही वह पार्टी है जो प्रदेश को मौजूदा हालात से बाहर निकाल सकती है। भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में शांति, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की सोच रखने वाले नेता तेजी से भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य एक ऐसा पंजाब बनाना है जहां युवाओं को रोजगार मिले, कानून का राज स्थापित हो और विकास के नए अवसर पैदा हों।केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब की प्रगति और खुशहाली के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कई ईमानदार नेताओं को राज्य सरकार में उचित सम्मान नहीं मिला, जिसके चलते वे भाजपा के साथ जुड़कर प्रदेश की सेवा करना चाहते हैं। कार्यक्रम के अंत में पंजाब भाजपा के मीडिया प्रमुख विनीत जोशी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि यह राजनीतिक जुड़ाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी नीतियों और भाजपा के प्रति पंजाब में बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।





















