सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में बुधवार को भाजपा का शक्ति प्रदर्शन राजनीतिक माहौल को गरमा गया। कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर भाजपा ने इसे “कुशासन और वादाखिलाफी का दौर” करार देते हुए विशाल विरोध रैली आयोजित की, जिसमें प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता जुटे। सुबह से ही तपोवन क्षेत्र भाजपा के झंडों, नारों और कार्यकर्ताओं की भीड़ से पट गया। मंच पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने सरकार पर तीखे प्रहार किए। नेताओं का आरोप था कि कांग्रेस सरकार तीन वर्षों में न विकास कर पाई, न जनता से किए वादे निभाए—बल्कि प्रदेश को आर्थिक संकट, बढ़ते अपराध और अव्यवस्था की ओर धकेल दिया।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/kaliyara-multi-purpose-indoor-stadiukangra-airport-expansionreceive-additional-funds/
जयराम ठाकुर ने सरकार पर राजनीतिक अदूरदर्शिता का आरोप लगाते हुए कहा कि “जनता का गुस्सा अब साफ संकेत दे रहा है कि बदलाव का समय नजदीक है।” अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र से मिली मदद का सही उपयोग न कर पाना सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है, जबकि श्रीकांत शर्मा ने दावा किया कि “2027 में कांग्रेस का प्रदेशभर में सफाया तय है।” भाजपा नेताओं ने महिलाओं, युवाओं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुड़े वादों पर भी सरकार को घेरा। रैली में उमड़ी भीड़ ने आगामी चुनावी समर के संकेत और भी स्पष्ट कर दिए हैं। अब राजनीतिक नजरें कांग्रेस की प्रतिक्रिया और अगले कदम पर टिकी हुई हैं।





















