हमीरपुर।
केंद्रीय विद्यालय संगठन गुरुग्राम संभाग के उपायुक्त वरुण मित्र ने पी. एम. श्री केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर का निरीक्षण किया और इस स्कीम के तहत धनराशि विद्यालय को उपलब्ध करवाई गई है। इस राशि का उपयोग कैसे किया जा रहा है उसकी जानकारी जुटाई तथा खरीदे गए उपकरणों को जांचा। उन्होंने इस स्कीम की बहुत सारी जानकारियां विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के साथ एक संवाद के तहत उपलब्ध करवाई तथा इस स्कीम के नामकरण एवं इसके उद्देश्यों को रेखांकित किया।
उपायुक्त वरुण मित्र ने बताया कि इस स्कीम का पूरा नाम “प्रधानमंत्री स्कूल राइजिंग इंडिया” है और इस स्कीम का उदेश्य 21वीं शताब्दी में छात्र-छात्राओं को इस प्रकार की शिक्षा प्रदान करवाना है। ताकि हमने जो विश्व गुरु का स्थान आक्राताओं की लूट में खो दिया था, उसे धीरे-धीरे पुनः प्राप्त कर सकें एवं एक सक्षम राष्ट्र का निर्माण कर सकें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के ऊपर अपने विचार रखे।
उन्होंने आगाह किया कि अगर हम अपने व्यवहार में परिवर्तन नहीं लाए तो बहुत बड़े दुष्परिणामों के लिए हमें तैयार रहना होगा। पर्यावरण को बचाने के लिए उन्होंने पेड़ लगाने एवं प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए सुझाव दिए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील चौहान, रविंदर कुमार, अनिल कुमार, राजेश पराशर, धर्मेंद्र दरोच, केशव राम शर्मा, कमल किशोर, हरीश चंद, सुभाष, अरुण कुमार, दीप कुमार, रंजीत, अल्का, चित्रा, नीनू बाला, सोनिका, शिल्पा इत्यादि उपस्थित थे।