भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने प्रदेश में सड़क विकास की ऐतिहासिक गति को रेखांकित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को अभूतपूर्व वित्तीय सहायता और परियोजनाएं मिली हैं। सांसद के अनुसार, वर्ष 2022 से 2026 के बीच प्रदेश के लिए कुल 82 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनके तहत 1,118 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का निर्माण और विकास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के लिए ₹11,000 करोड़ से अधिक की लागत निर्धारित की गई है, जबकि पिछले चार वर्षों में रखरखाव और निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹16,600 करोड़ से अधिक का भारी निवेश सुनिश्चित किया गया है। महाजन ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार भूमि अधिग्रहण और तकनीकी बाधाओं को दूर कर इन कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। साथ ही, उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विकास के इन कार्यों का श्रेय लेने के बजाय प्रदेश सरकार को जमीनी हकीकत स्वीकार करनी चाहिए।
















