हमीरपुर: ~ हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच, हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक आज स्थानीय बस अड्डे पर जिलाध्यक्ष नंद लाल चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट किया और भविष्य में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।
बैठक में विशेष रूप से उपस्थित प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने संबोधित करते हुए कहा कि बीते 30 मार्च को शिमला के चौड़ा मैदान में हजारों पेंशनरों ने विधानसभा का घेराव कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया था। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया था और जल्द ही जेसीसी (JCC) का गठन कर बैठक करने का आश्वासन दिया है।
सरकार को दो टूक चेतावनी
अजमेर ठाकुर ने कहा कि अब यह देखना बाकी है कि मुख्यमंत्री अपना वादा निभाते हैं या पूर्व की तरह इसे भी टाल दिया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो प्रदेश का समस्त पेंशनर समाज अपने परिवारों सहित आगामी पंचायत चुनावों का पूर्ण बहिष्कार करेगा।

पेंशनर नेताओं ने कहा कि 30 मार्च का आंदोलन शांतिपूर्ण था, लेकिन यदि सरकार का ढुलमुल रवैया जारी रहा तो आने वाले समय में यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सहित भारी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।