बिलासपुर: नगर परिषद घुमारवीं के सामान्य निर्वाचन 2026 के लिए मतदाताओं की अंतिम सूची जारी कर दी गई है, जिसके अनुसार इस बार कुल 4,793 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर शहर की नई सरकार चुनेंगे। निर्वाचन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, इन मतदाताओं में 2,442 पुरुष और 2,351 महिला मतदाता शामिल हैं, जो दर्शाता है कि पुरुषों और महिलाओं के बीच मतदान की भागीदारी लगभग बराबर रहने वाली है।
वार्ड स्तर पर मतदाताओं की संख्या पर नजर डालें तो वार्ड नंबर 5 (हारकुकार) 668 मतदाताओं के साथ सबसे बड़ा वार्ड बनकर उभरा है, जबकि वार्ड नंबर 4 (कल्याणा) में सबसे कम 323 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अलावा, वार्ड नंबर 3 (अंबेडकर) में 642 और वार्ड नंबर 9 (दकड़ी) में 665 मतदाता दर्ज किए गए हैं। अन्य वार्डों में भी चुनावी सरगर्मियां तेज हैं, जिनमें वार्ड नंबर 1 (बड्डू) में 439, वार्ड नंबर 2 (इंदिरा) में 565, वार्ड नंबर 6 (जगदंबा) में 409, वार्ड नंबर 7 (बजोहा) में 493 और वार्ड नंबर 8 (टिक्करी) में 589 मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे।
प्रशासन ने सभी 9 वार्डों में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदाताओं की इस संख्या के साथ अब सभी वार्डों में संभावित उम्मीदवारों ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है।




















