घुमारवीं (बिलासपुर): राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं के उपलक्ष्य में आयोजित डॉग शो शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न नस्लों के सुसज्जित और प्रशिक्षित कुत्तों ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में एपीएमसी बिलासपुर के अध्यक्ष सतपाल वर्धन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद रीता सहगल और पार्षद सतीश शर्मा मौजूद रहे। पशुपालन विभाग की ओर से सहायक निदेशक डॉ. के.एल. शर्मा और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंदर व डॉ. सुशील ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
डॉग शो के दौरान कुल 21 श्रेणियों में प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। वयस्क लैब्राडोर रिट्रीवर श्रेणी में सनी वर्मा का श्वान प्रथम, ऋषु का द्वितीय और धर्मपाल का श्वान तृतीय स्थान पर रहा। इसी तरह वयस्क पोमेरेनियन में परविंदर सिंह के श्वान ने बाजी मारी, जबकि सौरभ कुमार और विशाल कल्ला क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। वयस्क पिटबुल श्रेणी में आदित्य शर्मा के श्वान ने प्रथम और सनी राणा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
स्थानीय (गद्दी) नस्ल की प्रतियोगिता में प्रदीप सिंह का श्वान प्रथम, रीना देवी का द्वितीय और अंकित मौदगिल का श्वान तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा वयस्क बुल टेरियर में सुभाष चंद और मिश्रित श्रेणी में गोल्डी के श्वान ने प्रथम पुरस्कार जीता। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।


















