इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले दो दिवसीय इंदौरा उत्सव के तहत महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित महिला खेल प्रतियोगिताओं का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।
खेलों से बढ़ता है आत्मविश्वास: विधायक मलेंद्र राजन
प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियाँ महिलाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देती हैं, जो सशक्तिकरण की दिशा में अहम भूमिका निभाती हैं
महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की रही सक्रिय भागीदारी
इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रस्सा-कसी प्रतियोगिता में चिन्मय शीतला माता महिला मंडल, कुंडसा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि शिव शक्ति महिला मंडल, भपू दूसरे स्थान पर रहा।
स्पून रेस में रचना देवी (लड्डू गोपाल स्वयं सहायता समूह, चुहड़पुर) ने प्रथम और पिंकी शर्मा (लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह, राजा खासा) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में राज देवी (भोले शंकर स्वयं सहायता समूह, इंदौरा) विजेता रहीं, जबकि पूनम कुमारी (चिन्मय क्यालू बाबा महिला मंडल, गंगथ) उपविजेता बनीं।
19 दिसंबर को मुख्यमंत्री करेंगे विजेताओं को सम्मानित
विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि इन महिला खेल प्रतियोगिताओं की विजेताओं को 19 दिसंबर को इंदौरा उत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इंदौरा उत्सव की तैयारियों का लिया जायजा
खेल प्रतियोगिताओं के बाद विधायक ने इंदौरा उत्सव की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएँ समय पर और सुचारू रूप से पूरी करने के निर्देश दिए |
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष विशाल चंबियाल, खंड विकास अधिकारी सुदर्शन सिंह, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता कटोच, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया, पूर्व प्रदेश महासचिव कमल किशोर, सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





















