सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में संजौली कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। युवा मामले एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा 2 और 3 जनवरी 2026 को बिलासपुर में आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के 11 जिलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संजौली कॉलेज के 14 विद्यार्थियों के दल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसके चलते कॉलेज ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस जीत के साथ संजौली कॉलेज को अब राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है, जो 9 से 12 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।
यह भी पढ़ें: https://sidhivinayaktimes.com/milk-msp-hike-to-benefit-livestock-farmers-greatly-cm/
इस सफलता पर संजौली कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर भारती भागडा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का भी परिणाम है। कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों ने छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। यह जीत संजौली कॉलेज की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्टता को दर्शाती है और संस्थान के लिए गर्व का विषय बनी है।




















