सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर तपोवन में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुलेल, भटियात ब्लॉक के छात्रों ने सदन की कार्यवाही का अवलोकन करने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से सौजन्य भेंट की। उल्लेखनीय है कि ये सभी विद्यार्थी स्वयं अध्यक्ष पठानिया के निर्वाचन क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। अध्यक्ष पठानिया ने छात्रों को दिनभर चलने वाली कार्यवाही की रूपरेखा से अवगत करवाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय प्रणाली की मूलभूत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा जैसे सदन देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच हैं, जहां जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होती है तथा विपक्ष और सत्ता पक्ष के मध्य स्वस्थ संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/bjp-spokesperson-rakessharp-attackcongress-overstatement/
विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को न केवल संसदीय प्रक्रियाओं को समझना चाहिए बल्कि यह भी जानना चाहिए कि उनके जनप्रतिनिधि सदन के भीतर कैसे अपने क्षेत्रों से जुड़े विकासात्मक और स्थानीय विषयों को उठाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रश्नकाल और विभिन्न नियमों के अंतर्गत प्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सदन में रखते हैं ताकि चर्चा के माध्यम से उन समस्याओं का समाधान तलाशा जा सके। अध्यक्ष पठानिया ने छात्रों को संसदीय प्रणाली, सत्र संचालन और आज की कार्यवाही से जुड़ी विस्तृत जानकारी देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी प्रदान कीं। विद्यार्थियों ने इस अवसर को अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया।



















