पालमपुर: नगर निगम पालमपुर के महापौर गोपाल चंद नाग ने शुक्रवार को नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 39 करोड़ 59 लाख रुपये का अनुमानित बजट प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर पूनम बाली, उपमहापौर राजकुमार और सभी पार्षदों सहित नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती (आईएएस), संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर द्वारा प्रस्तुत यह बजट पूरी तरह संतुलित और दूरदर्शी वित्तीय प्रबंधन पर आधारित है, जिसमें शहर के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए राजस्व वृद्धि और पूंजीगत निवेश को प्राथमिकता दी गई है। बजट विवरण के अनुसार, आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कुल राजस्व प्राप्तियां 5 करोड़ 12 लाख 78 हजार रुपये और पूंजीगत प्राप्तियां 30 करोड़ 90 लाख रुपये अनुमानित की गई हैं। वहीं खर्चों की बात करें तो राजस्व व्यय के लिए 23 करोड़ 53 लाख 70 हजार रुपये और पूंजीगत व्यय के लिए 16 करोड़ 05 लाख 35 हजार रुपये का प्रस्ताव रखा गया है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, यह बजट न केवल वित्तीय अनुशासन बनाए रखने में मददगार साबित होगा, बल्कि बुनियादी ढांचे के विकास और दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण में भी सहायक होगा। बजट में आम जनता की सुविधाओं और मूलभूत आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि विकासोन्मुखी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सके।





















