सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने से ठीक पहले राजनीति तेज हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ऊना में प्रेस वार्ता करते हुए सरकार के कामकाज पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के तीन वर्ष ‘जश्न’ के नहीं, बल्कि ‘व्यवस्था पतन’ के तीन वर्ष हैं, जिनमें कानून-व्यवस्था से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य तक, हर मोर्चे पर स्थितियाँ बिगड़ी हैं। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में भारी कर्ज लिया गया, लेकिन जनता के हित में कोई ठोस काम नजर नहीं आया। भाजपा अध्यक्ष ने शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों का भी उल्लेख किया और कहा कि हजारों स्कूल बंद किए गए तथा अंग्रेजी माध्यम लागू करने में बिना तैयारी जल्दबाज़ी दिखी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को भी बदहाल बताया और कहा कि हिमकेयर व आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/ves-illuminated-by-organ-donatioperforms-firscadaver-transplant/
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार में भाई-भतीजावाद और माफिया का दबदबा है, जबकि आपदा से जूझ रहे मंडी में राहत देने के बजाय ‘जश्न’ की तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी पृष्ठभूमि में भाजपा 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में एक बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। डॉ. बिंदल ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार की विफलताओं को उजागर करने और जनता की आवाज को सामने रखने का माध्यम बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन गारंटियों के दम पर कांग्रेस सत्ता में आई, वे आज तक धरातल पर नहीं उतर सकीं। भाजपा अध्यक्ष ने जनता से इस प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की और कहा कि हिमाचल की जनता बदलाव के मूड में है।





















