मण्डी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को आज मण्डी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रही युद्ध की परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए देशवासियों से संयम बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने देश को आश्वस्त किया कि भारत में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है और हम सभी एकजुटता के साथ हर चुनौती का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में खेल जगत की शानदार सफलताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा टी-20 विश्व कप में दर्ज की गई शानदार जीत और रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक विजय पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि देश की युवा शक्ति और नागरिकों का अनुशासन ही भारत को हर कठिन परिस्थिति से बाहर निकालने में सक्षम है।



















