सुजानपुर (हमीरपुर): खाड़ी देशों में जारी युद्ध के चलते उपजी पेट्रोलियम पदार्थों की कमी का असर अब हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में भी साफ दिखाई देने लगा है। सुजानपुर उपमंडल में पिछले एक महीने से रसोई गैस की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान दर्जनों लोगों ने आज सुजानपुर में गैस एजेंसी का घेराव किया और एजेंसी मालिक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित लोगों ने हमीरपुर से पालमपुर जाने वाली मुख्य सड़क के बीचों-बीच अपने वाहन खड़े कर दिए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। चक्का जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुजानपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे के संघर्ष के बाद पुलिस सड़क को यातायात के लिए सुचारू करवा पाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक महीने से सप्लाई न मिलने के कारण उनके घरों के चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और बार-बार चक्कर काटने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा था। वर्तमान में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की कड़ी निगरानी में गैस सिलेंडरों का वितरण करवाया जा रहा है। प्रशासनिक दखल के बाद अब वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई है, लेकिन गैस की कमी को लेकर स्थानीय जनता में अभी भी गहरा रोष व्याप्त है।



















