सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पाँचवें दिन तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में एक विशेष उत्साहपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा, मोरथू, शाहपुर तथा राजकीय महाविद्यालय सिहुन्ता के कुल 182 विद्यार्थी सदन की कार्यवाही का अवलोकन करने पहुँचे। कार्यवाही शुरू होने से पहले छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से सौहार्दपूर्ण भेंट की। अध्यक्ष पठानिया ने युवा पीढ़ी में संसदीय प्रणाली और संवैधानिक ढांचे को समझने की बढ़ती रुचि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र सदन का दौरा कर रहे हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विद्यार्थियों को विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के परस्पर संबंधों और उनकी संविधान द्वारा निर्धारित भूमिकाओं के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/opposition-stages-protest-insideoutside-assembly-over-unemploymentgovernment-under-fire/
अध्यक्ष ने बताया कि सरकार के तीनों अंग मिलकर शासन प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करते हैं तथा जनता के कल्याण की दिशा में संयुक्त रूप से कार्य करते हैं। इस दौरान उन्होंने छात्रों को सदन में होने वाली दिनभर की कार्यवाही की रूपरेखा से भी परिचित कराया और उन्हें ध्यानपूर्वक अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।





















