सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला मैराथन–2025 की आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। आकर्षक रंगों और धौलाधार पर्वतमाला से प्रेरित डिज़ाइन वाली इस जर्सी को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। आयोजन समिति के अनुसार मैराथन 25 दिसम्बर, 2025 को आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य प्रदेश में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना और क्षेत्र के साहसिक एवं खेल पर्यटन को नई दिशा देना है।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/educational-tour-of-vidhan-sabha-students-frtapovan/
धर्मशाला नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन कांगड़ा के सहयोग से आयोजित इस मैराथन में फुल मैराथन, हाफ मैराथन और अन्य कम दूरी की श्रेणियां शामिल होंगी, जिनके लिए पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट पर खुला है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर, महापौर नीनू शर्मा, पूर्व महापौर देवेन्द्र जग्गी, उपायुक्त हेमराज बैरवा तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह जर्सी केवल खेल परिधान नहीं, बल्कि प्रतिभागियों के उत्साह और प्रतिबद्धता का सम्मान है, जो हिमाचल को खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहयोग करेगी।





















