सिधिविनायक टाइम्स शिमला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोहब में बुधवार को विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने पंचायत में स्थापित उचित मूल्य की दुकान, 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित कॉमन सर्विस सेंटर और 2.50 लाख रुपये की लागत वाला विद्युत संचालित हैंडपंप जनता को समर्पित किया। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार ने पिछले तीन वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/cm-sukhvinder-singh-sukindora-festivevenshowcaseculture/
उन्होंने बताया कि उचित मूल्य की दुकान से लगभग 200 राशन कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा, जबकि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से पंचायत के सभी नागरिक विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। वार्ड नंबर तीन के रिंडली मोहल्ला में स्थापित हैंडपंप से 18 परिवारों की पेयजल समस्या का समाधान हो गया है। इसके अतिरिक्त उपमुख्य सचेतक ने बंदला खड्ड पर बने पुल की मरम्मत के लिए जल्द धनराशि उपलब्ध कराने और विद्युत विभाग द्वारा नए बिजली के खंभे लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने गांव के पांच महिला मंडलों को 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उपमुख्य सचेतक का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपने समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। ग्राम पंचायत प्रधान तिलक चौधरी और वार्ड प्रतिनिधि प्रीतम अवस्थी ने विधायक का विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





















