सिधिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सोमवार को ऊना से मंडी जाते समय गोविंद सागर झील पहुंचे, जहां उन्होंने जल क्रीड़ा गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन ढांचे को आधुनिक बनाने और नए आकर्षण विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। झील में क्रूज, शिकारा, स्पीड बोट और वाटर स्कूटर जैसी सुविधाओं की उपलब्धता न केवल पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव प्रदान करती है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर भी खोलती है।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/womcompetition-concludshimla-emerges-victorious/
उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के उन प्रयासों की सराहना की, जिनकी बदौलत गोविंद सागर झील को योजनाबद्ध और सुरक्षित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में पर्यटन सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा, ताकि बिलासपुर को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके। इस दौरान हिमफैड के उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान, झंडूता कांग्रेस नेता विवेक कुमार और हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल भी उपस्थित रहे।





















