शिमला: सशस्त्र सेना झंडा दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज सशस्त्र कल्याण कोष में अपना योगदान दिया। उन्होंने सभी नागरिकों से भी अपील की कि वे सैनिकों और उनके परिवारों के हित में चल रही योजनाओं को समर्थन देने के लिए दिल खोलकर सहयोग करें। सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा ने मुख्यमंत्री को सेना का प्रतीकात्मक झंडा लगाया और इस दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे सैनिक कल्याण कोष में अपनी क्षमता के अनुसार दान करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना के जवान देश की सुरक्षा के लिए अद्भुत साहस और बलिदान करते हैं। उनका इतिहास देशभक्ति और निस्वार्थ सेवा की मिसाल है। इसलिए हर नागरिक का यह दायित्व है कि वह सैनिकों तथा पूर्व सैनिकों के परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग दिखाए।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे सैनिक कल्याण कोष में अपनी क्षमता के अनुसार दान दें, ताकि सेवारत जवानों, रिटायर्ड सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के लिए चल रही सहायता योजनाओं को और मजबूत बनाया जा सके। इस मौके पर उप निदेशक सैनिक कल्याण (शिमला एवं किन्नौर) लेफ्टिनेंट कमांडर अतुल चंबियाल भी मौजूद रहे।





















