सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा में नए निर्मित बाण गंगा घाट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर संध्याकालीन आरती का आयोजन भी किया गया, जो हरिद्वार की तर्ज पर मंत्रोच्चारण के साथ शुरू हुई। घाट का निर्माण 2.20 करोड़ रुपये की लागत से किया गया, जिसमें कैप्टन शैलेश रियालच फाउंडेशन का योगदान लगभग 1.5 करोड़ रुपये का रहा, जबकि शेष राशि जिला प्रशासन कांगड़ा ने प्रदान की। फाउंडेशन की स्थापना शहीद कैप्टन शैलेश की स्मृति में हुई है, जो नगरोटा बगवां के अम्बाड़ी क्षेत्र से थे। घाट परिसर में 25 फीट ऊंचे त्रिशूल की स्थापना की गई है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भव्य आरती स्थल, चेंजिंग रूम, शौचालय, आकर्षक मंच, सुंदर पार्क और बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है। यहाँ नियमित रूप से संध्याकालीन आरती के अलावा योगा सत्र और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/suresh-kashyapbharadwajnadddiscuss-skill-development-expansionration-scam/
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और कांगड़ा का बज्रेश्वरी मंदिर देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। बाण गंगा घाट के माध्यम से अब श्रद्धालुओं को स्नान और पूजा-अर्चना के लिए सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित स्थान मिलेगा। इस अवसर पर आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, कमलेश ठाकुर, स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।





















