सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कांगड़ा जिले में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर और नई व्यवस्था लागू करके गरीब मजदूरों के अधिकारों पर हमला किया है। पठानिया ने बताया कि मनरेगा योजना को गरीबों की आजीविका का अधिकार माना जाता था, लेकिन अब इसमें बदलाव के कारण मजदूरों को भुगतान में भारी देरी हो रही है, जो उनके जीवन पर प्रतिकूल असर डाल रही है।
उन्होंने कहा कि योजना को कमजोर करना न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रभाव डालता है, बल्कि संविधान के मूल सिद्धांतों पर भी हमला है। पठानिया ने घोषणा की कि मनरेगा बचाने के लिए प्रदेशभर में गांव और ब्लॉक स्तर पर एक माह तक आंदोलन किया जाएगा और केंद्र सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि अब तक मनरेगा में कितना पैसा जारी किया गया है। इस अवसर पर कांगड़ा जिला कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।





















