प्रिया शर्मा कुल्लू :-एआरओ मंडी की वर्ष 2025-26 की अग्निवीर भर्ती रैली आज दिनांक 22 मार्च 2026 से तीसरी इंडिया रिज़र्व बटालियन, पंडोह के ट्रेनिंग ग्राउंड में प्रारंभ हुई। इस रैली में कुल्लू, मंडी एवं लाहौल‑स्पिति जिलों के CEE उत्तीर्ण 2959 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने 21 मार्च को रैली स्थल का निरीक्षण कर सभी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाएगा।
आज 22 मार्च 2026 को प्रातः 6 बजकर 30 मिनट पर 1.6 कि.मी. की दौड़ के फ्लैग‑ऑफ के साथ भर्ती प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हुई। दौड़ के दौरान युवा अभ्यर्थियों में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।
रैली के प्रथम दिन कुल्लू एवं लाहौल‑स्पिति जिलों के कुल 326 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया, जिनमें से 239 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे। योग्य अभ्यर्थी अब आगे शारीरिक मानकों, दस्तावेज़ों के सत्यापन तथा चिकित्सीय परीक्षण की अगली चरणबद्ध प्रक्रिया से गुजरेंगे।
आगामी दिनों में मंडी जिला सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी विभिन्न चरणों में अपनी योग्यता और सामर्थ्य का प्रदर्शन करेंगे।


















