कांगड़ा, 27 जुलाई (2026): हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सोमवार को विश्व प्रसिद्ध माता ब्रजेश्वरी मंदिर में शीश नवाया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए राज्य के निरंतर विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत उपमुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित पवन कुमार की चाय की दुकान पर भी रुके। इस दौरान उन्होंने पवन कुमार से मुलाकात की, उनके परिवार का हालचाल जाना और कुछ समय तक उनसे आत्मीय बातचीत की।
इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुरेंद्र काकू और पूर्व विधायक अजय महाजन उपस्थित रहे। साथ ही हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एचआरटीसी निदेशक मंडल के सदस्य धर्मेंद्र धामी, एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजली गर्ग, एसई आईपीएच विशाल जम्वाल, एचआरटीसी के डिवीजनल मैनेजर पंकज चड्ढा, तहसीलदार प्रकाश चंद तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंडित उमेश शर्मा भी इस मौके पर मौजूद रहे।
















