धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने 29 मार्च 2026 को आयोजित ‘एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल चयन परीक्षा’ की चारों सीरीज (A, B, C और D) की प्रोविजनल उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। यदि किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न के उत्तर पर संदेह है, तो वे 10 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 की शाम 5:00 बजे तक अपनी आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।
अभ्यर्थी अपनी शिकायतें प्रमाणित तथ्यों और साक्ष्यों के साथ ईमेल आईडी hpbosesopapersetting.43@gmail.com पर भेज सकते हैं या कार्य दिवसों के दौरान व्यक्तिगत रूप से बोर्ड कार्यालय में लिखित दस्तावेज जमा करवा सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली या बिना किसी ठोस प्रमाण के भेजी गई किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए अभ्यर्थी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242134 पर संपर्क कर सकते हैं।














