चंबा /अमृत पाल सिंह : पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में एक बार फिर विवाद का मामला सामने आया है। देर रात एक गंभीर हालत में मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स ने हस्तक्षेप किया, लेकिन आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने सिक्योरिटी गार्ड पर ही हमला कर दिया।
घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। वहीं, सुबह होते ही सिक्योरिटी गार्ड संगठन के कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज के बाहर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में आए दिन सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ बदसलूकी होती है।
संगठन के सदस्यों ने बताया कि गंभीर मरीज की मौत के बाद परिजनों ने न केवल डॉक्टरों बल्कि सिक्योरिटी स्टाफ के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं।
फिलहाल, प्रशासन से बातचीत के प्रयास जारी हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।















