चंडीगढ़ | पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर ‘आप’ सरकार पर तीखा हमला बोला है। जाखड़ ने सिलसिलेवार हुई हिंसक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में अराजकता का आलम अब चंडीगढ़ तक पहुँच गया है और सरकार इन साजिशों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की बड़ी साजिश
जाखड़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य के हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब को दहलाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा, “पहले राज्य के थानों पर ग्रेनेड हमले हुए, फिर होशियारपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति को खंडित किया गया और अब चंडीगढ़ स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर हमला हुआ है।” उन्होंने इन घटनाओं को महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि राज्य की आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक एकता को तोड़ने की एक गहरी साजिश करार दिया।
सरकार की विफलता पर उठाए सवाल
सीमावर्ती राज्य पंजाब की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह ‘नाकाम’ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ढिलाई के कारण ही अलगाववादी ताकतों के हौसले बुलंद हो रहे हैं, जिसका असर अब पड़ोसी शहर चंडीगढ़ में भी दिखने लगा है।
“टूटेगा नहीं पंजाब का भाईचारा”
हालाँकि, जाखड़ ने अलगाववादी ताकतों को चेतावनी देते हुए यह भी साफ किया कि पंजाब की जनता एकजुट है। उन्होंने कहा कि चाहे जितनी भी कोशिशें कर ली जाएं, पंजाब का आपसी प्रेम और भाईचारा कभी नहीं टूटेगा।


















