The request cannot be completed because you have exceeded your quota.मैक्लोडगंज (शशि भूषण):बौद्ध नगरी मैक्लोडगंज स्थित मुख्य बौद्ध मंदिर, चुगलाखंग में वीरवार को आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना हेतु एक भव्य प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर हजारों की संख्या में तिब्बती समुदाय के लोग और विदेशी अनुयायी एकत्रित हुए। धर्मगुरु के दर्शन पाकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया और पूरा परिसर भक्तिमय मंत्रोच्चार से गूंज उठा।
यह विशेष प्रार्थना सभा यू-त्सांग चोलखा, दोखम जाचुका एसोसिएशन और क्यिडोंग वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की गई थी। सुबह से ही मंदिर परिसर में लोगों का तांता लगना शुरू हो गया था। जैसे ही धर्मगुरु दलाई लामा ने अनुयायियों को दर्शन दिए, वहां मौजूद लोग गदगद हो उठे।
प्रार्थना में शामिल होने आए श्रद्धालुओं ने बताया कि धर्मगुरु के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अनुयायियों के अनुसार, “धर्मगुरु के दर्शन से जो शांति और खुशी मिलती है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। हम सभी उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना करने आए हैं ताकि उनका मार्गदर्शन मानवता को मिलता रहे।”
सभा में न केवल भारत के विभिन्न कोनों से आए तिब्बती शरणार्थी शामिल हुए, बल्कि सात समंदर पार से आए सैकड़ों विदेशी अनुयायियों ने भी पूरी श्रद्धा के साथ प्रार्थना में भाग लिया। इस दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।



















