कांगड़ा: शक्तिपीठ श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में गुरुवार से ग्रीष्मकालीन (चैत्र) नवरात्रों का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस पावन अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने अपनी धर्मपत्नी सहित मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया।
सुबह से हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूँज उठा। मंदिर के वरिष्ठ पुजारियों ने उपायुक्त की उपस्थिति में महाशत चंडी यज्ञ संपन्न करवाया। इस दौरान एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल और मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर भी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने सभी प्रदेशवासियों को नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबी यात्रा कर पहुँचने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
डीसी ने मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था की सराहना की और कहा कि कांगड़ा के ऐतिहासिक मंदिरों में साल भर लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिनकी सुरक्षा और सुविधा हमारी प्राथमिकता है। एसडीएम इशांत जसवाल और मंदिर प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि दर्शन सुचारू रूप से चलते रहें।



















