प्रागपुर, धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रागपुर में आयोजित समारोह में सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021- 22 में राज्य को 10,249 करोड़ रुपये का घाटा विरासत में मिला था, जबकि 2025- 26 तक इसे घटाकर 7,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्र से GST क्षतिपूर्ति न मिलने के बावजूद राज्य ने अपने संसाधनों से 49,509 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को गांवों में रोजगार देकर शहरी पलायन रोका
पर्यटन और जलविद्युत को हिमाचल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य उत्तर भारत का “वॉटर टॉवर” है। भाखड़ा, ब्यास, पोंग और बीबीएमबी परियोजनाओं से रॉयल्टी के मामले में हिमाचल सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष कर रहा है और जल्द ही राज्य के पक्ष में फैसला आने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को गांवों में रोजगार देकर शहरी पलायन रोका जाएगा। हिमाचल देश का पहला राज्य है जहाँ जैविक खेती के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू किया गया है। कांगड़ा में नया दूध प्रसंस्करण संयंत्र भी शुरू किया गया है। ऊर्जा और पर्यावरण के क्षेत्र में सरकार ने 500 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना, ग्रीन पंचायत योजना और जियो-थर्मल नीति लागू की है। जंगल, पानी और हवा की सुरक्षा प्राथमिकता है।
मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी और नई लैब्स शुरू की गई- मुख्यमंत्री सुक्खू
स्वास्थ्य और शिक्षा में 3,000 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी और नई लैब्स शुरू की गई हैं। शिक्षा में हिमाचल देश में पाँचवें स्थान पर है, सरकारी स्कूलों में अंग्रेज़ी माध्यम पहली कक्षा से शुरू हो गया है, और 130 स्कूलों को CBSE संबद्धता मिली है। रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा पर भी ध्यान दिया गया है। 24,020 सरकारी और 56,557 निजी नौकरियां दी गई हैं। महिलाओं को उद्यमिता में प्रोत्साहित किया जा रहा है, और BPL परिवारों को आवास व आपदा राहत राशि बढ़ाई गई है।
नशे के खिलाफ मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है और हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने की योजना की घोषणा की। समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रागपुर को नया SDM कार्यालय और PHC स्वास्थ्य केंद्र देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों के साथ खड़ी है और हिमाचल को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का प्रयास जारी रहेगा।





















