सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। धर्मशाला स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। जयराम ठाकुर ने प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को केवल औपचारिकता करार देते हुए कहा कि सरकार इसे एक प्रचारात्मक इवेंट की तरह पेश कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ लड़ाई को गंभीरता से लेने की बजाय सरकार सिर्फ आंकड़ों और घोषणाओं तक सीमित है। नेता प्रतिपक्ष ने पंचायत चुनावों को लेकर भी राज्य सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव होते हैं, लेकिन सरकार डिजास्टर एक्ट का सहारा लेकर इन्हें टालने की कोशिश कर रही है। जयराम ठाकुर का कहना था कि ग्रामीण जनता अपने प्रतिनिधि खुद चुनना चाहती है ताकि वे अपनी समस्याएं मजबूती से उठा सकें, लेकिन सरकार जानबूझकर इस प्रक्रिया में बाधाएं खड़ी कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/et-organizational-boost-under-naddans-leadership-suresh-kashyap/
इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल की आपसी खींचतान अब जनता के सामने आ चुकी है और इसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार आपसी विवादों में उलझी है, जबकि प्रदेश गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है। अपने दौरे की जानकारी देते हुए जयराम ठाकुर ने बताया कि वे नागरोटा बगवां, धर्मशाला, केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर, कुटेहड़, जम्मू और मंडी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि आगामी चुनावों की रणनीति को मजबूती दी जा सके। अंत में नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नए अध्यक्ष के मार्गदर्शन में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा और देश व प्रदेश के विकास में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
धर्मशाला से शशि भूषण की रिपोर्ट।





















