सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को दिल्ली स्थित भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में बधाई देते हुए कहा कि नितिन नबीन भारतीय राजनीति के उभरते युवा नेतृत्व हैं और भाजपा को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी 2026 को नितिन नबीन का निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना उनकी राजनीतिक यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि है। सुरेश कश्यप ने कहा कि मात्र 45 वर्ष की आयु में पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के पीछे नितिन नबीन की संगठनात्मक क्षमता, राजनीतिक परिपक्वता और नेतृत्व कौशल का महत्वपूर्ण योगदान है। सुरेश कश्यप ने आगे कहा कि नितिन नबीन ने पार्टी के विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान की है। दिसंबर 2025 में उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 में प्रभारी के रूप में उनकी भूमिका भाजपा की बड़ी चुनावी सफलताओं में निर्णायक रही।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/machal-students-praise-v-walk-model-on-gujarat-visit-kewal-singh-pthania/
उन्होंने नितिन नबीन के विधायक और मंत्री के रूप में प्रभावशाली कार्यकाल का भी उल्लेख किया और कहा कि पटना की बांकीपुर सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जाने तथा विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं देने से उनका प्रशासनिक अनुभव स्पष्ट होता है। सुरेश कश्यप ने नितिन नबीन के जनकल्याणकारी निर्णयों जैसे सड़क नेटवर्क के विस्तार, शहरी आवास परियोजनाओं में आधुनिक तकनीक का उपयोग, पत्रकारों के लिए पेंशन तथा आशा व ममता कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में वृद्धि का उदाहरण देते हुए उनकी संवेदनशीलता और दूरदर्शिता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का दृष्टिकोण और कार्यकर्ताओं से संवाद करने की क्षमता पार्टी की ताकत को और बढ़ाएगी। सुरेश कश्यप ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिलेगी।





















