सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शिमला स्थित प्रदेश सचिवालय से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज भूटान के लिए चिलगोजा के पौधों से लदे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल भारत और भूटान के बीच वर्षों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार भविष्य में भूटान को लगभग पाँच लाख रुपये मूल्य के चिलगोजा बीज भी उपलब्ध कराएगी तथा भूटान के वन विभाग के अधिकारियों को चिलगोजा उत्पादन एवं संरक्षण का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/hpsebls-revenue-sees-a-significant-surge-from-electricity-sales-cm-sukhu/
उन्होंने कहा कि चिलगोजा पश्चिमी हिमालय की एक बहुमूल्य प्रजाति है, जो पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और स्थानीय आजीविका से जुड़ी हुई है। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान राज्य सरकार वन विस्तार और संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश में वन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस कार्यक्रम में मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ प्रशासनिक और वन विभाग के अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





















