सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। केलांग। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग और जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति के संयुक्त प्रयास से आज बाल तस्करी रोकने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 6 जनवरी 2026 को डीसी कार्यालय सभागार में वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता उप-मंडलाधिकारी कुनिका एकर्स ने की। कार्यक्रम में बाल तस्करी के प्रकार, उसके लक्षण, रोकथाम के उपाय और कानूनी प्रावधानों का विस्तृत विवरण दिया गया। प्रतिभागियों को बाल संरक्षण आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा बाल तस्करी की पहचान और रिपोर्टिंग में सक्रिय भूमिका निभाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला में जिला बाल संरक्षण समिति की अध्यक्ष शशि किरण, उप पुलिस अधीक्षक केलांग रश्मि शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल, उप निदेशक शिक्षा विभाग और बाल विकास परियोजना अधिकारी खुशविंदर ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने बाल तस्करी मुक्त समाज बनाने के लिए संकल्प लिया और संयुक्त प्रयासों के महत्व पर बल दिया। कार्यशाला का समापन जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. हीरा नंद द्वारा सभी का धन्यवाद करते हुए किया गया।





















