सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश सचिवालय से मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत राज्य के बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को विशेष शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें यात्रा के दौरान नए अनुभव प्राप्त करने तथा सीखने के हर अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस शैक्षणिक यात्रा में सराहन, टूटीकंडी और मशोबरा स्थित चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशंस के कुल 52 बच्चे भाग ले रहे हैं। यह भ्रमण 15 जनवरी, 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान बच्चे चंडीगढ़, दिल्ली, आगरा और गोवा सहित देश के प्रमुख शहरों तथा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। यात्रा के दौरान बच्चों को वंदे भारत एक्सप्रेस, मेट्रो रेल, हवाई यात्रा, क्रूज और हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं का अनुभव भी कराया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुख-आश्रय योजना के माध्यम से राज्य सरकार अनाथ और निराश्रित बच्चों को सुरक्षित वातावरण के साथ-साथ बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन कौशल के अवसर उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा, सुविधा और देखभाल का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






















