सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कांगड़ जिले में 3,000 मीटर से ऊपर की सभी ट्रैकिंग गतिविधियों पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पूर्णतयः रोक लगा दी है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने इस संबंध में विशेष आदेश जारी किए हैं, जिनमें करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा मार्गों पर ट्रैकिंग के लिए पुलिस अधीक्षक से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य बताया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आईएमडी शिमला द्वारा चेतावनी या अलर्ट जारी होने पर सभी पूर्व अनुमति रद्द मानी जाएंगी।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/cm-sukhvinder-singh-sukhu-receives-contribution-from-shimla-bar-association/
हालांकि, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पर्वतारोहण केंद्र मैक्लोडगंज और पुलिस के खोज और बचाव दलों को इन निर्देशों से छूट दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि यह कदम पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है और जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों और उनके पर्यटकों को इन पाबंदियों और संभावित दंडात्मक प्रावधानों के बारे में सूचित करें। सभी संबंधित विभागों को आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।





















