सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए विभिन्न विभागों में 980 पात्र प्रार्थियों को करुणामूलक आधार पर नियुक्तियां प्रदान की हैं। ये नियुक्तियां 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक दी गई विशेष छूट अवधि के दौरान की गईं, जिससे वर्षों से इंतजार कर रहे दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को समय पर आर्थिक सहारा और सामाजिक सुरक्षा मिल सकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे परिवारों को सम्मानजनक जीवनयापन का अवसर देना है, ताकि वे कठिन परिस्थितियों से बाहर निकल सकें।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/aguidingpunjab-will-waltarun-chugh/
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इन नियुक्तियों में 366 तृतीय श्रेणी और 614 चतुर्थ श्रेणी (मल्टी टास्क वर्कर) के पद शामिल हैं। जल शक्ति विभाग में सर्वाधिक 419 नियुक्तियां की गईं, जबकि लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, गृह विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा पशुपालन सहित कुल 19 विभागों में करुणामूलक आधार पर नियुक्तियां प्रदान की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में इन परिवारों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ी, लेकिन वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का निपटारा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनहित में ऐसे फैसले आगे भी जारी रहेंगे।





















