सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। धर्मशाला, 26 दिसंबर: कांगड़ा वैली कार्निवाल 2025 के तीसरे दिन आयोजित सूफ़ी एवं ग्लैमर ईवनिंग (महिला सशक्तिकरण) कार्यक्रम ने सांस्कृतिक रंगों और सुरों की अविस्मरणीय छटा बिखेर दी। इस सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध सूफ़ी गायक कंवर ग्रेवाल की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, जबकि श्रोता उनकी गायकी पर मंत्रमुग्ध नजर आए। कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल प्रदेश की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक सशक्त माध्यम है। मंत्री ने यह भी बताया कि अब यह आयोजन प्रत्येक वर्ष 24 से 31 दिसंबर तक नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे जिले की लोक-संस्कृति और कलाकारों को निरंतर मंच मिलता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से कांगड़ा जिला सांस्कृतिक पर्यटन के मानचित्र पर एक मजबूत पहचान स्थापित करेगा और युवाओं तथा महिलाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
इस सांस्कृतिक संध्या में कुल्लू नाटी और लाहौल नाटी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों के ऊर्जावान नृत्य और लोकधुनों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। इसके अलावा तन्मय चतुर्वेदी के गीतों, पंजाबी गिद्दा, एनजेडसीसी और हरियाणवी नृत्य को भी दर्शकों ने खूब सराहा। महिला सशक्तिकरण की थीम पर आयोजित फैशन परेड ने महिलाओं की सशक्त भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि हिमाचल की लोक-संस्कृति आज भी जीवंत है और नई पीढ़ी इसे गर्व के साथ आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री चंद्र कुमार ने कबड्डी वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की सदस्यों भावना और चम्पा को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, धर्मशाला से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, एडीएम शिल्पी बेक्टा समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी शिरकत की।





















