सिधिविनायक टाइम्स शिमला। नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच संसदीय प्रणाली, विधायी कार्यों तथा आगामी अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलनों और जोन स्तर के राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलनों को लेकर गहन एवं विस्तृत चर्चा हुई।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/empowered-nation-can-educationailash-pathania/
हिमाचल विधानसभा की कार्य उत्पादकता पर दी जानकारी
बैठक के दौरान विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप पठानियां ने लोक सभा अध्यक्ष को अवगत करवाया कि हिमाचल प्रदेश विधान सभा द्वारा तपोवन, धर्मशाला में कुल आठ बैठकें आयोजित कर एक कैलेंडर वर्ष के लिए निर्धारित 35 बैठकों का लक्ष्य पूर्ण किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष के दौरान बजट सत्र में 15, मानसून सत्र में 12 तथा शीतकालीन सत्र में 8 बैठकें आयोजित की गईं।
तीनों सत्रों में रही 98 प्रतिशत कार्य उत्पादकता
कुलदीप पठानियां ने बताया कि तीनों सत्रों को मिलाकर सदन की कार्य उत्पादकता लगभग 98 प्रतिशत रही। उन्होंने कहा कि यह सदन के सदस्यों, पक्ष और विपक्ष—दोनों की संसदीय प्रणाली के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शीतकालीन सत्र में छात्रों की भागीदारी को बताया लोकतंत्र की मजबूती
शीतकालीन सत्र के संबंध में जानकारी देते हुए विधान सभा अध्यक्ष ने बताया कि तपोवन में आयोजित आठ दिवसीय सत्र के दौरान 1699 स्कूली छात्र-छात्राओं ने दर्शक दीर्घा से सदन की कार्यवाही को देखा। उन्होंने कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी में संसदीय प्रणाली के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है तथा सुदृढ़ लोकतंत्र की नींव को मजबूत करती है।





















