धर्मशाला: 4 दिसंबर को तपोवन के पास ज़ोरावर स्टेडियम में हुई भाजपा की बड़ी रैली के बाद प्रदेश की राजनीति गरम हो गई है। भाजपा के प्रवक्ता संजय शर्मा, राकेश शर्मा और विश्व चक्षु का कहना है कि रैली की सफलता से कांग्रेस सरकार परेशान हो गई है। उनका आरोप है कि कांग्रेस ने रैली को रोकने के लिए प्रशासन का इस्तेमाल किया, दबाव बनाया और कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जनता कांग्रेस सरकार से नाराज़ है वादे पूरे न होने, भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण लोग परेशान हैं। उनका दावा है कि इस रैली ने जनता में नई ऊर्जा भर दी और इससे कांग्रेस सरकार की “उलटी गिनती” शुरू हो गई है। बीजेपी प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शनों और लोगों की आवाज़ से डरने लगी है। उन्होंने कहा कि रैली में रुकावट डालने की कोशिशें बताती हैं कि सरकार को अपना जनसमर्थन कम होता दिखाई दे रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा, “जनता की आवाज़ नहीं रोकी जा सकती।” उनके मुताबिक यह रैली भाजपा की ताकत नहीं, बल्कि हिमाचल की जनता के ग़ुस्से और भरोसे का प्रतीक है। उनका दावा है कि ज़ोरावर स्टेडियम में जुटी भीड़ ने कांग्रेस सरकार की “सच्चाई सामने ला दी है” और इसका असर पूरे प्रदेश में दिखेगा।





















