दुबई एयर शो के दौरान हुए विमान हादसे में शहीद हुए नगरोटा बगवां (जिला कांगड़ा) के विंग कमांडर नमांश स्याल को आज नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद के घर में गहरा सन्नाटा था और हर कोई नमांश की याद में भावुक दिखाई दिया।
जयराम ठाकुर ने परिवार से मिलकर जताया दुख
जयराम ठाकुर आज शहीद नमांश स्याल के घर पहुंचे। घर का माहौल बेहद गमगीन था। माता-पिता और परिजनों से मिलकर उन्होंने संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि नमांश देश के लिए समर्पण और साहस की मिसाल थे। उन्होंने कहा कि ऐसा बलिदान शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।
अनुराग ठाकुर बोले- देश हमेशा ऋणी रहेगा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी नमांश को नमन किया और कहा कि उन्होंने राष्ट्र सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने शहीद के पिता सेवानिवृत्त सेना अधिकारी जगन्नाथ स्याल से मुलाकात कर उन्हें धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश सयाल परिवार के साथ खड़ा है।
80 देशों के पायलटों की श्रद्धांजलि से परिवार भावुक
शहीद के पिता ने बताया कि दुनिया भर से मिला सम्मान उन्हें गहराई से छू गया। उन्होंने बताया कि 80 देशों के पायलटों की श्रद्धांजलि, रूसी पायलटों का विशेष एयर शो और अमेरिकी पायलटों द्वारा शो रद्द कर सम्मान देना यह दर्शाता है कि भारतीय वायुसेना के अधिकारी पूरे विश्व में कितने सम्मानित हैं।
नमांश की वीरता हमेशा प्रेरणा देगी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि नमांश की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि देश इस वीर सपूत को कभी नहीं भूल पाएगा और उनका नाम सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।





















