धर्मशाला: जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा द्वारा आगामी 7 अप्रैल 2026 को धर्मशाला के पुलिस मैदान में एक भव्य रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं, जन-जागरूकता और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले के दौरान बेबी शो, डॉग शो और फ्लावर शो जैसे मुख्य आकर्षणों के साथ-साथ रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य न केवल लोगों को मनोरंजन प्रदान करना है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और रेडक्रॉस के माध्यम से गरीब व असहाय लोगों की सहायता के लिए फंड जुटाना भी है। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और लकी ड्रा के माध्यम से आकर्षक इनाम जीतने का अवसर भी मिलेगा। स्थानीय प्रशासन ने सभी क्षेत्रवासियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।



















