मंडी (सुंदरनगर): राज्य स्तरीय नलवाड़ किसान एवं सुकेत देवता मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए एक यादगार शाम बन गई। हंसी और संगीत से सजी इस शाम ने देर रात तक लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में एडीसी मंडी गुरसीमर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
मिसेज हिमाचल सीजन-2 का भव्य फिनाले
सांस्कृतिक संध्या का आगाज ‘मिसेज हिमाचल सीजन-2’ के फाइनल राउंड से हुआ। मंच पर विवाहित महिलाओं ने अपने आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मिसेज हिमाचल सीजन-1 की विजेताओं ने भी अपनी विशेष प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। एडीसी गुरसीमर सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
कॉमेडी किंग आयुष ठाकुर का जादू
मंडी जिला के लोकप्रिय डिजिटल क्रिएटर और कॉमेडियन आयुष ठाकुर ने इस मंच से अपनी पहली लाइव स्टेज प्रस्तुति दी। अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग और पहाड़ी अंदाज से उन्होंने पूरे पंडाल को ठहाकों से गूंजा दिया। दर्शकों ने उनकी इस नई शुरुआत को भरपूर प्यार और समर्थन दिया।
नेहा दीक्षित और अनुज शर्मा की सुरीली प्रस्तुतियां
गायिका नेहा दीक्षित ने बॉलीवुड और पहाड़ी गीतों की लड़ी पिरोकर माहौल को संगीतमय बना दिया। शाम का मुख्य आकर्षण ‘इंडियन आइडल’ फेम अनुज शर्मा रहे। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, अपने लोकप्रिय गीतों से युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, सबको थिरकने पर मजबूर कर दिया।
प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी रीतू, दीक्षा शर्मा और अन्य महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। एडीसी गुरसीमर सिंह ने मेले के सफल आयोजन के लिए कमेटी को बधाई दी और कहा कि ऐसे मंच स्थानीय संस्कृति और प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन जरिया हैं।