हमीरपुर जिला की नौ ग्राम पंचायतों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर पोषण के स्तर को सुधारने और जमीनी स्तर पर प्रभावी काम करने के लिए हुआ है। इन पंचायतों को आगामी 2 अप्रैल को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के तौर पर प्रत्येक पंचायत को प्रशस्ति पत्र के साथ एक-एक लाख रुपये की नकद इनाम राशि भी प्रदान की जाएगी।
बता दें कि ‘सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान’ के तहत पूरे देश से एक हजार पंचायतों का चयन किया गया था, जिसमें हिमाचल प्रदेश की 50 पंचायतें शामिल हैं। इनमें मंडी जिले से 19 और हमीरपुर से 9 पंचायतों (पटलांदर, मनिहाल, बल्ह, सानवी, दाडला, जोल, री और चमियाना आदि) ने अपनी जगह बनाई है। इस चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ‘पोषण ट्रैकर’ पोर्टल के आंकड़ों का सहारा लिया गया और अंडमान निकोबार की टीम ने स्वयं हिमाचल आकर जमीनी स्तर पर जागरूकता और कार्यों की जांच की थी।


















