प्रिया शर्मा कुल्लू सैंज 26 मार्च शिक्षा खंड सैंज के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला मन्याशी में वार्षिक पारितोषिक वितरण एवं सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त केंद्र मुख्य शिक्षक दलीप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ शिक्षक जयसिंह, शिक्षक पविंद्र ठाकुर, लिपिका रविना ठाकुर एवं लवली ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दियोहरी के प्रधानाचार्य कुलदीप ठाकुर एवं एसएमसी अध्यक्ष गुरध्यान सिंह राणा भी शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकगण, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
मुख्य शिक्षक मेहरचंद तथा स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्षा जमावंती ठाकुर एवं स्कूल एडाप्टर हेमराज पालसरा ने टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों का सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्य शिक्षक मेहरचंद ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों की जानकारी दी और सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि दलीप सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर की शिक्षा ही भविष्य की सफलता की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और अपने माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इसके उपरांत विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए पुरस्कृत किया गया। कक्षा प्रथम में तनीषा ठाकुर ने प्रथम, तुषार ने द्वितीय तथा रेहान सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा द्वितीय में काव्या ठाकुर प्रथम, भुवनेश्वर द्वितीय और ईशिता तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा तृतीय में श्रेया प्रथम, आयुष्मान ठाकुर द्वितीय तथा सायरा ठाकुर और नीशु ठाकुर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा चतुर्थ में अंजली ठाकुर प्रथम, केथरीन द्वितीय और रूहानिका ठाकुर तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा पंचम में आर्यन ठाकुर ने प्रथम, पीयूष ने द्वितीय तथा सुनिधि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘बेस्ट स्टूडेंट’ का खिताब आर्यन ठाकुर और रूबल राणा को प्रदान किया गया। आर्यन ठाकुर ने नवोदय एवं सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम रोशन किया, जबकि रूबल राणा ने स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट स्कॉलरशिप परीक्षा में सफलता हासिल की। अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी आगामी सत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।















