प्रिया शर्मा कुल्लू
सुल्तानपुर स्थित रघुनाथ मंदिर में साध्वी ऋतंभरा ने मंगलवार को पहुंचकर भगवान रघुनाथ के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन के बाद वे मीडिया से भी रूबरू हुईं और कई सामाजिक व राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए।
मीडिया से बातचीत के दौरान साध्वी ऋतंभरा ने धर्मांतरण को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि “धर्मांतरण एक बड़ा पाप है और इसके साथ ही राष्ट्रांतरण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाती है।” उन्होंने देवभूमि हिमाचल के लोगों की सरलता और भोलापन की सराहना करते हुए कहा कि यहां की जनता आस्था और संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई है।
उन्होंने हाल ही में आयोजित हिंदू सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उमड़ी जनभागीदारी “जनार्दन” के रूप में दिखाई दी। साध्वी ने अटल टनल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश के विकास और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लगभग 10 किलोमीटर लंबी इस टनल का अवलोकन करने के बाद उन्होंने इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह विकसित भारत की ओर बढ़ता एक मजबूत प्रतीक है।
साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि भारत धीरे-धीरे भव्यता और दिव्यता की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने अपने पुराने कुल्लू प्रवास की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि करीब 30 वर्ष पहले भी वे यहां आ चुकी हैं और उस समय रघुनाथ मंदिर में देवताओं की डोलियों का एकत्रित होना उन्हें आज भी याद है।
उन्होंने कहा कि भारत एक समरसता वाला देश है, लेकिन देश को आंतरिक और बाहरी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में समाज को एकजुट रहकर इन चुनौतियों का सामना करना होगा।
















