शिमला: 28 मार्च, 2026
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए प्राकृतिक खेती और दुग्ध उत्पादन को केंद्र में रखा है। आज शिमला में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री से भेंट की और बजट 2026-27 में प्राकृतिक खेती के लिए किए गए अभूतपूर्व प्रावधानों के लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर पठानिया ने मुख्यमंत्री को ‘कचनार’ के फूल भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में प्राकृतिक खेती से पैदा होने वाली फसलों के लिए देश में सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) घोषित किया गया है, जिसके तहत गेहूं और जौ के लिए 80 रुपये, मक्का के लिए 50 रुपये और हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलोग्राम की दर तय की गई है। साथ ही, अदरक को पहली बार एमएसपी के दायरे में लाते हुए 30 रुपये प्रति किलोग्राम का भाव निर्धारित किया गया है।
ग्रामीण सशक्तीकरण की दिशा में सरकार ने दूध के खरीद मूल्यों में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। गाय के दूध का समर्थन मूल्य अब 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसके अलावा, दूध को संग्रह केंद्रों तक पहुँचाने के लिए परिवहन सहायता को भी 3 रुपये से बढ़ाकर 6 रुपये प्रति लीटर किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी साझा किया कि कांगड़ा जिले के ढगवार में 200 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिससे डेयरी क्षेत्र में बड़ी क्रांति आएगी।















